कटनी। कटनी–बिलासपुर रेलखंड पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) क्षेत्र के गायत्री नगर आउटर के पास सुबह करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। हादसे के बाद इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि बिलासपुर की ओर से कटनी आ रही कोयला लदी मालगाड़ी जैसे ही गायत्री नगर आउटर के पास पहुंची, तभी अचानक उसके चार से ज्यादा वैगन पटरी से उतर गए और एक तरफ झुक गए। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर हालात का जायजा लिया।
दुर्घटना के बाद रेलवे ने तत्काल राहत और ट्रैक सुधार कार्य शुरू कर दिया। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने के लिए भारी मशीनों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं जबलपुर से तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंचकर ट्रैक बहाली के काम में जुट गई है, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात सामान्य किया जा सके।
हादसे के कारण बीना–बिलासपुर और सिंगरौली रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते से ही समाप्त या प्रारंभ करना पड़ा।
इन ट्रेनों के मार्ग बदले गए
18009 संतरागाछी–अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस को कटंगी खुर्द और हरदुआ के बीच ग्रेड सेपरेटर मार्ग से चलाया गया।
11448 हावड़ा–जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस को न्यू कटनी जंक्शन–कटनी मार्ग से जबलपुर भेजा गया।
11265 जबलपुर–अम्बिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को कटनी–एनकेजे मार्ग से रवाना किया गया।
11266 अम्बिकापुर–जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को एनकेजे–कटनी मार्ग से चलाया गया।
आंशिक रूप से प्रभावित ट्रेनें
68747 बिलासपुर–कटनी मेमू को झलवारा स्टेशन पर ही समाप्त किया गया।
68748 कटनी–बिलासपुर मेमू को झलवारा से रवाना किया गया।
61601 कटनी–चिरमिरी मेमू झलवारा से प्रारंभ की गई।
61602 चिरमिरी–कटनी मेमू को झलवारा स्टेशन पर ही समाप्त किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, जो राहत की बात है। फिलहाल तकनीकी टीमें ट्रैक को दुरुस्त करने और बेपटरी डिब्बों को हटाने में जुटी हुई हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति की जानकारी रेलवे की पूछताछ सेवा या हेल्पलाइन 139 से प्राप्त कर लें।


