रीठी थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहाँ समय पर चिकित्सा सहायता न मिल पाने के कारण एक किशोर की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
खबर विस्तार से
रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेदा निवासी ललित, पिता ब्रजभान पटेल, उम्र लगभग 18 वर्ष, शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे बकरी चराने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान वह खेत में बने एक कुएँ में अचानक गिर गया।
मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से उसे कुएँ से बाहर निकाला गया। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई, लेकिन परिजनों का कहना है कि एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुँच सकी।
मजबूरन परिजन घायल किशोर को रीठी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ कथित तौर पर उस समय कोई चिकित्सक उपस्थित नहीं था और प्राथमिक उपचार भी नहीं मिल पाया। कुछ ही देर बाद किशोर की मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मृतक के पिता एवं परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर इलाज उपलब्ध हो जाता, तो शायद किशोर की जान बचाई जा सकती थी।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
रिपोर्ट – हरिशंकर बेन


