रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय नर्मदापुरम नगर में शराब विक्रय पर प्रतिबंध लगा हुआ है, उसके बावजूद फिर शराब माफिया सक्रिय हुए हैं जो नर्मदापुरम नगर के आजू-बाजू के क्षेत्र से शराब नर्मदापुरम में सप्लाई करने का कार्य कर रहे हैं। आबकारी विभाग ने ऐसी ही सूचना पर स्कॉर्पियो कार को देसी मदिरा के साथ जप्त करने में सफलता हासिल की है।
आबकारी टीम अब इस बात की जांच कर रहे हैं कि जप्त की गई शराब किस शराब ठेकेदार ने नर्मदापुरम में बेचने के लिए उपलब्ध कराई है। अवगत हो कि कलेक्टर सोनिया मीना के अवैध शराब के निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं संग्रहण के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश तथा जिला आबकारी अधिकारी अरविंद सागर के मार्गदर्शन में 20 फरवरी को आबकारी विभाग द्वारा नर्मदापुरम शहर में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर गैराज लाइन तिराहा क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्यवाही के दौरान एक स्कॉर्पियो कार से देशी मदिरा प्लेन की कुल 100 पाव (लगभग 02 पेटी) जप्त की गई। अवैध मदिरा के परिवहन में प्रयुक्त चार पहिया वाहन सहित मदिरा को जप्त कर आरोपी सलमान के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जप्त मदिरा एवं वाहन का कुल अनुमानित मूल्य ₹5,07,000/- (रुपये पांच लाख सात हजार मात्र) आंका गया है। उक्त कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश अहिरवार, आबकारी उपनिरीक्षक हेमंत चौकसे, आबकारी मुख्य आरक्षक दुर्गाप्रसाद मांझी, रघुवीर प्रसाद निमोदा, धर्मेंद्र वारंग, सुरेश नगर सैनिक रामोतार यादव एवं संतोष शुक्ला सम्मिलित रहे।


