कटनी – जिले में खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं खनिज राजस्व में वृद्धि को लेकर कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने खदान संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पट्टाधारकों को समय-सीमा में रॉयल्टी, डेड रेंट सहित अन्य देयकों का भुगतान सुनिश्चित करने तथा उत्पादन को पूर्ण क्षमता पर संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि कटनी जिले में विभिन्न प्रकार के खनिज अलग-अलग ग्रेड में उपलब्ध हैं, जिनका संवर्धन कर औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने सेक्टरवार खनिज पट्टाधारकों को खनिज आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विशेष रूप से डोलोमाइट को महीन पीसकर बाल मिल स्थापित करने, पेंट इंडस्ट्री के विकास तथा संगमरमर (मार्बल) खनिज की बहुउपयोगिता पर कार्य करने की आवश्यकता बताई। साथ ही नवीन खनिज संसाधनों की खोज और उनके व्यावसायिक उपयोग की दिशा में भी विस्तृत योजना बनाने पर जोर दिया।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत खनिज विभाग को प्राप्त राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने तथा जिले में खनिज उत्पादन बढ़ाने के लिए सभी संचालकों को सक्रिय सहभागिता निभाने के निर्देश दिए गए।


