MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी – राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार निगम प्रशासन द्वारा शुद्ध पेयजल आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगरीय क्षेत्र के विभिन्न वार्डो में स्थित जल टंकियों ओवरहेड टैंक एवं संपवेल की नियमित सफाई के साथ ही ट्यूबवेल एवं पाइप लाइन के लीकेज का सुधार कराया जा रहा है, जिससे नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
*28 जल स्त्रोतों की कराई गई सफाई*
इसी क्रम में अब तक नगर के विभिन्न वार्डो की 28 टंकी, ओवरहेड टैंक, संपवेल की विधिवत साफ-सफाई का कार्य कराया जा चुका है।वहीं विभिन्न वार्डो के लगभग 50 ट्यूबवेल की सफाई एवं क्लोरीनेशन के साथ ही लीकेज के 382 प्वाइंटों को भी सुधारा गया है। इसके साथ ही प्रातःकालीन पेयजल सप्लाई के दौरान नगर के विभिन्न वार्डो के नागरिकों से संवाद किया जाकर पेयजल के सैंपल लेने का कार्य अनवरत रूप से जारी रखा जाकर अब तक नगर के विभिन्न वार्डो से संग्रहित 1168 पेयजल सैंपल की जांच कराई जा चुकी है।
*विभिन्न वार्डों से कलेक्ट किए गए पेयजल सैंपल*
पेयजल सैंपल कलेक्ट करने की कार्यवाही के तहत गुरुवार को सिविल लाइन पानी की टंकी से सप्लाई किये जानें अलफर्ट गंज बस्ती, बाबा नारायण शाह वार्ड, संतकंवर राम वार्ड रॉबर्ट लाइन, मिशन चौक, मदन मोहन चौबे वार्ड, महात्मा गांधी वार्ड दाल मिल गली, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, बाबू जगजीवन राम वार्ड, शिवाजी वार्ड बजरंग कॉलोनी, विवेकानंद वार्ड खेरमाई मंदिर के पीछे, हाउसिंग बोर्ड कालोनी ओवरहेड टैंक क्रमांक 1, 2 एवं 3 सहित नगर के विभिन्न स्थानों से पेयजल के सैंपल कलेक्ट कर प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजे गए। अधिकारी नियमित निरीक्षण के साथ जल गुणवत्ता की सतत निगरानी भी कर रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि जल टंकियों की समयबद्ध सफाई, जल गुणवत्ता परीक्षण एवं नल के माध्यम से घर-घर पहुंचने वाले जल की नियमित जांच सुनिश्चित की जा रही है। आयुक्त सुश्री परिहार ने यह भी बताया कि नगरीय क्षेत्र में आयोजित जल सुनवाई एवं हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से नागरिकों से संवाद कर पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।


