पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया एवं समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस ग्राम चौपाल / पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
इन चौपालों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की सशक्त उपस्थिति सुनिश्चित करना, आमजन से सीधा संवाद स्थापित करना, अपराधों की रोकथाम करना तथा नागरिकों को सुरक्षा, कानून एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना है।
ग्राम चौपालों के दौरान ग्रामीणजन को साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन, नशामुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे लगवाने (सजग दृष्टि योजना) तथा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से त्वरित सूचना आदान-प्रदान के विषय में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई तथा किसी भी समस्या की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। बालिकाओं को गुड टच एवं बैड टच के बारे में भी समझाइश दी गई।
चौपाल में उपस्थित समस्त ग्रामवासियों को बताया गया कि बालक-बालिकाओं से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, डायल-112 एवं आपातकालीन सेवाओं का सही उपयोग करें।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन संबंधी सभी दस्तावेज साथ रखने के लिए समझाइश दी गई।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि अज्ञात कॉल या मैसेज पर बैंक/ओटीपी संबंधी जानकारी साझा न करें, लॉटरी या ईनाम के नाम पर आने वाले कॉल/मैसेज पर किसी भी प्रकार का लेन-देन न करें।
इसके अतिरिक्त समस्त ग्रामवासियों को नशे से दूर रहने, नशे एवं नशीली वस्तुओं के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया तथा सर्पदंश की स्थिति में तांत्रिक विधाओं में न उलझकर तुरंत पीड़ित को अस्पताल ले जाने की समझाइश दी गई।
कटनी पुलिस द्वारा नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा पुलिस को सहयोग प्रदान करने की अपील की गई है।


