शासकीय छात्रावास में नाबालिग से दरिंदगी, क्षेत्र में सनसनी।
सुरक्षा पर सवाल: छात्रावास की सुरक्षा को तार-तार कर आरोपी ने किया नाबालिग का शोषण।
पुलिस एक्शन: आरोपी गिरफ्तार, लेकिन वार्डन और प्रबंधन की भूमिका पर उठे बड़े सवाल।
सागर जिले के खुरई से एक बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला सामने आया है, जिसने शासकीय छात्रावासों में रह रही नाबालिग छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
खुरई शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक शासकीय छात्रावास में रहने वाली नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता लंबे समय तक भय और दबाव में रही, लेकिन जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी, तब इस पूरे मामले का खुलासा हो सका।
परिजनों ने तत्काल छात्रा को इलाज के लिए भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर भोपाल के कोहेफिजा थाने में जीरो पर प्रकरण दर्ज किया गया। चूंकि घटना स्थल खुरई का था, इसलिए केस को संबंधित थाने को ट्रांसफर किया गया।
खुरई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने छात्रावास प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रावास की वार्डन और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारी आखिर क्या कर रहे थे? इतनी बड़ी घटना छात्रावास परिसर में कैसे और कब तक होती रही, इसकी जानकारी जिम्मेदारों को क्यों नहीं हुई?
फिलहाल पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यदि लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला न केवल कानून व्यवस्था बल्कि नाबालिगों की सुरक्षा से जुड़े सिस्टम की संवेदनशीलता की भी कड़ी परीक्षा है।
रिपोर्टर: यशपाल राजपूत


