कटनी। कटनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिमरा निवासी 70 वर्षीय वृद्ध फूलचंद की मौत का मामला चर्चा में है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगली सूअर के शिकार के एक प्रकरण में वन विभाग द्वारा की गई पूछताछ के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम द्वारा पूछताछ के दौरान तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें फूलचंद भी शामिल थे। इसी दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति खराब होने पर उन्हें पहले
माधवनगर स्थित एक निजी अस्पताल और बाद में जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें जबलपुर ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक की मौत को लेकर परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को प्रथम दृष्टया जांच का विषय बताया जा रहा है। वहीं विभागीय स्तर पर यह कहा जा रहा है कि पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की मारपीट नहीं की गई और तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार की व्यवस्था की गई।
सूत्रों की माने तो पूरे मामले की जांच जारी है और वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच निष्कर्ष आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल वृद्ध की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
कटनी: सूत्रों के अनुसार पूछताछ के बाद वृद्ध की मौत, जांच जारी


