कटनी ( 22 जनवरी ) – प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना के अंतर्गत शुक्रवार 23 जनवरी को प्रातः 10 बजे से नगर पालिक निगम कटनी परिसर में सामूहिक विवाह-निकाह समारोह का आयोजन किया जाना है। सामूहिक विवाह के अवसर पर 33 जोड़ों का विवाह विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा।
निगमायुक्त श्रीमती हरसिमरन प्रीत कौर ने सामूहिक विवाह के सफल आयोजन हेतु श्री जागेश्वर प्रसाद पाठक को सम्पूर्ण आयोजन की व्यवस्थाओं हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दायित्व सौंपे है। निगमायुक्त श्रीमती कौर द्वारा जारी आदेशानुसार सभी पात्र वर-वधू के विवाह उपरांत विवाह प्रमाण पत्र वितरण कराने,आवश्यक बैठक व्यवस्था, योजना की जानकारी प्रदान कर सहयोग करने,विवाह, निकाह से संबंधित समस्त कार्यवाही पूर्ण कराने, भोजन, शुद्ध पानी, पूजन सामग्री, पुरोहित, स्वागत हेतु फूल-माला, बुके आदि आवश्यक व्यवस्था का दायित्व सहायक राजस्व अधिकारी सागर नायक,योजना प्रभारी रविशंकर पाण्डेय, सनद विश्वकर्मा, एवं सहा. ग्रेड-3 उपेन्द्र तिवारी के साथ सहायक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

जबकि टेंट, पंडाल, शामियाना, साज-सज्जा, कुर्सी, विद्युत, महिला एवं पुरुष हेतु चेंजिंग रूम, माइक, साउंड, हवन हेतु बेदी इत्यादि की व्यवस्था हेतु उपयंत्री जे.पी.सिंह बघेल तथा मंच संचालन की व्यवस्था का दायित्व श्रीमती शिवा मिश्रा, शिक्षिका को सौंपा गया है।
निगमायुक्त श्रीमती कौर ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास व पहुंच मार्ग की विशेष साफ-सफाई, चूने की लाइनिंग, शौचालय की सफाई एवं कीटनाशक दवा का छिड़काव, मोबाईल टायलेट,आवारा जानवरों के नियंत्रण, डस्टबिन, शुद्ध पेयजल, विवाह पंडाल में अग्नि रोधक यंत्र, आमंत्रण पत्र, बैनर, होर्डिंग, आवश्यक प्रचार प्रसार सहित प्रत्येक जोड़ों के मान से वरमाला की व्यवस्था का दायित्व विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश गए हैं।
निगम प्रशासन ने सामाजिक समरसता, सर्वधर्म समभाव और कन्याओं के सम्मान हेतु शुक्रवार 23 जनवरी को आयोजित सामूहिक विवाह, निकाह आयोजन में जनप्रतिनिधियों, निगम पार्षदों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजनों से पहुंचकर कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करने का आग्रह किया गया है।


