कटनी (20 जनवरी ) – शहर के प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्ग जगन्नाथ चैक से घंटाघर तक मार्ग चैड़ीकरण को लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को प्रातः से राजस्व विभाग एवं नगर निगम प्रशासन की मौजूदगी में भी चिन्हित की गई 5 संरचनाओं को हटाने हेतु संयुक्त अभियान चलाया गया।
निगम प्रशासन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य आवागमन को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना है। अभियान के दौरान मार्ग निर्माण में बाधक बन रही पांच स्थायी संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही की गई।
नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह ने बताया कि मार्ग चैड़ीकरण कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्र में शेष रोड, नाली, एवं पोल शिफ्टिंग आदि के विकास कार्य आसानी से कराये जा सकेंगें जिससे नगर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा आम नागरिकों को राहत मिलने के साथ क्षेत्र का व्यवसाय भी सुदृढ़ होगा। नगर निगम प्रशासन द्वारा संबंधित स्थानीय नागरिकों से कार्यवाही में सहयोग प्रदान करने की अपील भी की गई है। नगर विकास को दृष्टिगत रखते हुए बुधवार प्रातः से पुनः मार्ग की चिन्हित अस्थाई संरचनाओं को हटाने की कार्यवाही की जायेगी। कार्यवाही के दौरान राजस्व विभाग के अमले के साथ ही नगर निगम के सहायक यंत्री सुनील सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अतिक्रमण अमले की मौजूदगी रही।



