कटनी शहर में बीती देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। मिशन चौक ओवरब्रिज के पास बरगवां क्षेत्र में तेज गति से जा रही एक कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा रात लगभग साढ़े 11 बजे का बताया जा रहा है।
दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत एंबुलेंस की मदद से कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल की पहचान पुरानी बस्ती निवासी एवं कृष्णा ज्वेलर्स के संचालक प्रदीप कुमार सोनी पल्लू के पुत्र भानु सोनी के रूप में हुई। जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 2 बजे युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत के बाद मेडिकल कॉलेज जबलपुर में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया।
सराफा बाजार में शोक की लहर, आज प्रतिष्ठान बंद
भानु सोनी के निधन की खबर फैलते ही पुरानी बस्ती सहित सराफा बाजार में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी परिजनों से मिलने उनके निवास पहुंचे और गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दुखद घटना के चलते सराफा बाजार आज पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना में शामिल कार की तलाश की जा रही है।


