नगर निगम फायर ऑफिसर अभिषेक दुबे द्वारा निगम अमले के साथ नगर निगम सीमा अंतर्गत संचालित मैरिज गार्डन एवं लॉन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान चंदनगांव स्थित मणि महल (प्रवीण अलडक) तथा नागपुर रोड स्थित शहनाई लॉन, SD लॉन सहित अन्य मैरिज गार्डनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण में यह गंभीर तथ्य सामने आया कि किसी भी मैरिज गार्डन में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं पाए गए। जबकि संबंधित मैरिज गार्डनों द्वारा वर्ष 2022 में अग्नि सुरक्षा प्लान प्रमाण पत्र प्राप्त किया गया था, जो केवल फायर सिस्टम स्थापित करने की अनुमति होती है। इसके बावजूद आज तक न तो अग्नि सुरक्षा सिस्टम स्थापित किया गया और न ही फायर NOC प्राप्त की गई।
बिना फायर NOC एवं अग्नि सुरक्षा उपकरणों के मैरिज गार्डनों का संचालन कर प्रबंधन द्वारा आमजन की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। यदि भविष्य में किसी प्रकार की अग्नि दुर्घटना घटित होती है, तो संबंधित मैरिज गार्डन प्रबंधन स्वयं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा करने में असमर्थ रहेगा तथा स्थिति पूर्णतया नगर निगम फायर ब्रिगेड पर निर्भर हो जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मणि महल में पाए गए अग्नि सुरक्षा उपकरण अवधि समाप्त (एक्सपायरी) पाए गए, जिन्हें केवल औपचारिकता के रूप में लगाया गया था।
उक्त सभी मामलों में पंचनामा तैयार कर संबंधित मैरिज गार्डन प्रबंधन को 3 दिवस का नोटिस जारी किया जा रहा है। निर्धारित समय-सीमा में नियमों का पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम द्वारा कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित मैरिज गार्डन संचालनकर्ता की स्वयं की होगी।
नगर निगम द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी आयोजन से पूर्व संबंधित स्थल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


