*1,39,237 हितग्राहियों को गैस सिलेंडर रिफिल योजना के तहत 1.70 करोड़ रुपए का मिला लाभ*
छिन्दवाड़ा/16 जनवरी 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नर्मदापुरम जिले के माखन नगर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 32वीं किस्त का अंतरण किया। इस अवसर पर प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाडली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई। वहीं छिंदवाड़ा जिले की 3,12,568 लाडली बहनों को कुल 46 करोड़ 88 लाख 52 हजार रुपये की राशि का अंतरण किया गया। साथ ही जिले के 1,39,237 हितग्राहियों को 1.70 करोड़ रुपए गैस सिलेंडर रिफिल योजना के तहत मिले।
इसी कड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन राजमाता सिंधिया शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा में किया गया । कार्यक्रम में नर्मदापुरम से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री विवेक बंटी साहू एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, श्री विजय पांडे, श्रीमती गरिमा दामोदर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, एसडीएम परासिया श्री शुभम यादव, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री ब्रजेश कुमार शिवहरे सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाडली बहनें उपस्थित थीं।
सांसद श्री विवेक बंटी साहू ने लाडली बहनों को बधाई देते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि लाडली बहनों को दी जाने वाली सहायता राशि पहले 1000 रुपये थी, जो बढ़कर 1500 रुपये हो चुकी है और शीघ्र ही इसे 3000 रुपये तक बढ़ाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में सशक्त किया जा रहा है, चाहे वह सरकारी नौकरी में आरक्षण हो या अन्य योजनाएं।
नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके ने कहा कि महिलाएं समाज की धुरी हैं और सरकार उनके सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। श्री शेषराव यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सशक्त बनाना है, क्योंकि महिलाएं सशक्त होंगी तभी समाज सशक्त बनेगा। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संदेश देते हुए बाल विवाह रोकने के लिए सांसद श्री विवेक बंटी साहू द्वारा उपस्थित सभी को शपथ भी दिलाई गई।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


