वाटर रिसोर्स की हो रही जांच, पानी टेस्टिंग हेतु नमूने रोजाना भेजे जा रहे लैब
🔳कटनी – नागरिकों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करानें की दिशा में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में निगम प्रशासन द्वारा विभिन्न माध्यमों, ट्यूब वैल, पानी की टंकी, ओवर हैड टैंक से नागरिकों को प्रदान किए जाने वाले पेयजल आपूर्ति की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग की जाकर पूर्ण रूप से शुद्ध एवं सुरक्षित आपूर्ति हेतु पूरी सतर्कता एवं गंभीरता से कार्यवाही की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की जल जनित बीमारियों की संभावना निर्मित न हो।
*वृहद स्तर पर हो रही कार्यवाही*
प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा नें बताया कि निगम की जल प्रदाय विभाग एवं तकनीकी अमले द्वारा रोजाना पेयजल आपूर्ति के दौरान उपभोक्ता के नल कनेक्शन से पानी के सैंपल लेकर जांच हेतु दैनिक रूप से प्रयोगशाला भेजे जा रहे है। वहीं नागरिकों की पेयजल संबंधी शिकायतों के निराकरण हेतु हेल्पलाइन नंबर 9351136230 भी जारी किया गया है। जल शोधन संयंत्र के विभिन्न घटकों, उच्च स्तरीय टंकियों, सम्पवेल एवं नलकूप स्त्रोत होने की स्थिति में नलकूप के आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जाकर ट्रीटमेंट प्लांट, नलकूपों में क्लोरीन एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नियमित रूप से किया जा रहा है। निगम प्रशासन के माध्यम से होने वाली जलापूर्ति की गुणवत्ता के खराब होने के संबंध में प्राप्त किसी भी माध्यम से प्राप्त शिकायतों के प्राथमिकता से निराकरण हेतु तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा रहे है। इसी तारतम्य में विगत दिवस रामकृष्ण परमहंस वार्ड में दूषित पानी के एकत्रित होने संबंधी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त श्री शैलेष गुप्ता द्वारा जल प्रदाय एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
*गुरुवार को इन स्थलों से लिए गए सैंपल*
शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति के मद्देनजर गुरुवार प्रातः पेयजल सप्लाई की जांच के दौरान बाल गंगाधर तिलक वार्ड इंदिरा नगर, बिरसा मुंडा वार्ड, संत कंवर राम वार्ड मानसरोवर पानी की टंकी, बाबा नारायण शाह वार्ड काली माता मंदिर मार्ग, आचार्य कृपलानी वार्ड ओवरहेड टैंक -1, 2 एवं 3, हाउसिंग बोर्ड, मदन मोहन चौबे वार्ड डनहिल टैंक, निषाद स्कूल टंकी हेतु शास्त्री काॅलोनी एवं नरेन्द्र मार्ग, सिविल लाइन, सिटी सप्लाई लाबेला चौक, सिविल लाइन, बाबू जगजीवन राम वार्ड, जगमोहन दास वार्ड नई बस्ती, फारेस्टर वार्ड बाल मंदिर, विवेकानंद वार्ड टिकरिया सप्लाई और नयागांव लखेरा तथा अमीरगंज नई पानी की टंकी खेर माई मंदिर सहित नगर के अन्य स्थलों निरीक्षण के दौरान नागरिकों से संवाद कर पेयजल आपूर्ति के संबंध में फीडबैक लिये जानें पर नागरिकों द्वारा पेयजल गुणवत्ता के संबंध में संतुष्टि जाहिर की गई। इस दौरान 16 स्थलों से पानी के सेंपल लिए जाकर जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए।
*संपवेल की कराई गई सफाई*
नागरिकों को शुद्ध एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति के मद्देनजर गुरूवार प्रातः विश्राम बाबा वार्ड सुधार न्यास कॉलोनी स्थित संपवेल की समुचित सफाई की जाकर ब्लीचिंग एवं क्लोरिनेशन उपरांत पेयजल आपूर्ति की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से जल आपूर्ति संबंधी समस्या आने पर निगम के हेल्पलाइन नंबर 9351136230 पर संपर्क कर शीघ्र ही समस्या का निराकरण कराने की अपील की है।


