शहर में बढ़ती ठंड को देखते हुए निगम आयुक्त सी.पी. राय ने शनिवार को नगर क्षेत्र स्थित रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट के पास बने रैन बसेरे तथा जगन्नाथ स्कूल परिसर स्थित रैन बसेरे में पहुँच कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान आयुक्त ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया।
निरीक्षण के दौरान अलाव एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। आयुक्त महोदय ने खुले स्थानों पर सो रहे जरूरतमंद लोगों से मुलाकात कर उन्हें रैन बसेरों में ठहरने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठंड से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा रैन बसेरों में सभी जरूरी सुविधाएँ जैसे गर्म बिस्तर हीटर फ़िल्टर वाटर निशुल्क शौचालय उपलब्ध हैं, जिसका राहगीर और अन्य ज़रूरतमंद लोग लाभ उठा सकते हैं।
आयुक्त राय ने सिटी मैनेजर को निर्देशित किया कि खुले में सोने वाले लोगों की सूची तैयार की जाए तथा उन्हें रैन बसेरों में ही ठहरने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि किसी भी व्यक्ति को शीतलहर के प्रकोप से परेशानी न हो।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


