कटनी जिले में नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दुग्ध एवं खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी द्वारा खाद्य सुरक्षा विभाग को सघन जांच अभियान चलाने के दिये गये निर्देशों के परिपालन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को खाद्य पदार्थों का विक्रय एवं निर्माण करने वाले संस्थानों की जांच की।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी ने बताया कि जांच टीम द्वारा दुर्गा चौक खिरहनी स्थित न्यू नरेंद्र डेयरी से दूध एवं पनीर का सैंपल लिया गया। इसी प्रकार नेशनल हाईवे चाका बायपास स्थित जेके फूड में जांच कर निर्माण किए जा रहे कंफेक्शनरी, लॉलीपॉप व टॉफी के नमूने जांच हेतु लिए गए। इन सभी नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


