ऐप आधारित बाइक टैक्सी सेवा की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ चलती बाइक पर छेड़छाड़ का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बाइक टैक्सी चालक शाहनवाज उर्फ शानू को मनीमाजरा इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। चंड़ीगढ़
जानकारी के अनुसार, छात्रा ने मोबाइल ऐप के जरिए बाइक टैक्सी बुक की थी। लेकिन तय बाइक की जगह आरोपी एक अलग नंबर की बाइक लेकर छात्रा को पिक करने पहुंचा। छात्रा जब बाइक पर बैठी, तो रास्ते में चालक ने एक हाथ से बाइक चलाते हुए दूसरे हाथ से उसके साथ आपत्तिजनक हरकतें शुरू कर दीं।
पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसे डराने-धमकाने की कोशिश की और बाइक की रफ्तार और तेज कर दी। छात्रा ने कई बार बाइक रोकने को कहा, लेकिन चालक उसे काफी दूर तक ले गया। जब छात्रा लगातार विरोध करती रही, तो बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद आरोपी बाइक को वहीं छोड़कर फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान छात्रा ने साहस दिखाते हुए मोबाइल से आरोपी का वीडियो बना लिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह लापरवाही से एक हाथ से बाइक चलाते हुए छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। यह वीडियो अब जांच का अहम सबूत बन गया है।
परिजनों का आरोप है कि छात्रा ने जिस बाइक को ऐप पर बुक किया था, उसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP20BW0762 था, जबकि पिकअप के लिए आई बाइक का नंबर HP-36F9380 निकला। बुक की गई बाइक और मौके पर आई बाइक के अलग-अलग होने से बाइक टैक्सी कंपनियों की सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बाइक टैक्सी सेवा से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
➡️ यह मामला न केवल महिलाओं की सुरक्षा बल्कि ऐप आधारित परिवहन सेवाओं की निगरानी व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।


