अपराध से लड़ने वाली पुलिस की वर्दी पहनने वाली महिला आरक्षक खुद एक शातिर अपराधी की साजिश का शिकार हो गई। मैट्रिमोनी साइट के जरिए शुरू हुई जान-पहचान धीरे-धीरे धोखे, शोषण और ब्लैकमेलिंग में तब्दील हो गई। रायपुर
पीड़िता महिला आरक्षक ने दिल्ली निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, निजी तस्वीरें लेकर ब्लैकमेल करने और लाखों रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शादी डॉट कॉम के माध्यम से संपर्क में आए आरोपी ने मोबाइल बातचीत के बाद रायपुर आकर महिला आरक्षक से नजदीकियां बढ़ाईं। इसी दौरान उसने निजी पलों की तस्वीरें हासिल कर लीं और बाद में उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने लगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी अब तक करीब 4 लाख रुपये वसूल चुका है। लगातार ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार कानून का दरवाजा खटखटाया।
सीएसपी पुरानी बस्ती ने बताया कि पीड़िता विधवा है और आरोपी ने इसी का फायदा उठाते हुए शादी का भरोसा दिलाया था। मामला सामने आने के बाद पुलिस की टीमें दिल्ली सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इधर, टिकरापारा थाना क्षेत्र में भी एक युवती से अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने का एक अलग मामला सामने आया है। पुलिस ने मोबाइल नंबर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308 और 79 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
➡️ यह मामला एक बार फिर ऑनलाइन मैट्रिमोनी और सोशल प्लेटफॉर्म पर बढ़ते साइबर अपराधों की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।


