उमरियापान:- नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उमरियापान पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध गांजा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 280 ग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 8/20 एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उमरियापान थाना प्रभारी दिनेश तिवारी ने बताया कि मंगलवार को पकरिया स्थित यात्री प्रतिक्षालय के सामने वाहन चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम कार्तिक उर्फ दीपक पिता मदन मल्लाह (22 वर्ष), निवासी एसएस कॉलेज के पीछे, खितौला जिला जबलपुर बताया। वहीं उसके साथ मौजूद युवक ने अपना नाम दयाराम पिता रामदीन डोहर (24 वर्ष) निवासी बैरहना, थाना जैतवारा, जिला सतना बताया। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल के हैंडल में टंगे बैग के अंदर 2 किलो 280 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन भी जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 2 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश तिवारी के साथ प्रआर आशीष झारिया, अजय सिंह, आरक्षक योगेश पटेल, मनोज कुम्हरे, रोहित झारिया और सत्येंद्र चौरसिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर राजेंद्र कुमार चौरसिया धीमरखेडा कटनी


