कटनी। जिले में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना कुठला पुलिस ने हाईवे पर ठेकेदार से हुई लूट की बड़ी वारदात का सफल खुलासा कर दिया है।
यह घटना 31 अगस्त 2025 की है। फरियादी विवेक शर्मा (54 वर्ष), निवासी इंद्रपुरी कॉलोनी, पन्ना, अनूपपुर से अपनी कार से अकेले पन्ना लौट रहे थे। पन्ना हाईवे पर कील फैक्ट्री के पास जब वे कुछ समय के लिए रुके, तभी पीछे से आए तीन युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। इनकार करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाया और उनका वनप्लस मोबाइल, सोने की दो अंगूठियां, सोने की चैन, पर्स में रखे 8 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए थे।
मामले की रिपोर्ट पर कुठला थाने में अपराध दर्ज कर पुलिस ने परंपरागत और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल आरोपी शाहनगर थाना क्षेत्र के सुगरहा गांव के हैं। इसके बाद टीम ने दबिश देकर चार संदेहियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वनप्लस मोबाइल, सोने की चैन, टाईटन कंपनी की घड़ी, 3700 रुपए नकद और लूट में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (MP21 MS 0263) जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपी
- अमर चौधरी (21 वर्ष)
- मोहनलाल चौधरी (32 वर्ष)
- संजय उर्फ कामता चौधरी (23 वर्ष)
- धर्मेन्द्र चौधरी (21 वर्ष)
(सभी निवासी – सुगरहा, थाना शाहनगर, जिला पन्ना)
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मोहन चौधरी के खिलाफ पूर्व से शाहनगर थाने में मारपीट के 4 मामले दर्ज हैं।
लूट का सोना खरीदने वाले ब्रजेश सोनी, निवासी गुदरी की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है, जो फिलहाल फरार है।
इस पूरी कार्रवाई को उप निरीक्षक विनोद सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उप निरीक्षक सौरभ सोनी, सहायक उप निरीक्षक तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक केशव मिश्रा, रामेश्वर सिंह, अजय यादव, आरक्षक सविता तिवारी, अजय शंकर साकेत, साइबर सेल एवं अन्य स्टाफ शामिल रहा।
कुठला पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सुरक्षा का संदेश गया है और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है।


