कटनी। कलेक्टर कटनी आशीष तिवारी के निर्देशों के पालन में शुक्रवार दोपहर खनिज विभाग द्वारा विजयराघवगढ़ क्षेत्र में स्थित चूना पत्थर की खदानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में भारतीय खान ब्यूरो जबलपुर के क्षेत्रीय अधिकारी भी शामिल रहे।
संयुक्त दल द्वारा जमुवानी कला, अमेहटा, हर्रिया एवं बड़ारी ग्राम में स्थित चूना पत्थर की लैप्स हो चुकी बंद खदानों एवं उनके माइन क्लोजर प्लान का सत्यापन किया गया। इसके साथ ही संचालित खनिज लीजों का भी निरीक्षण कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित खनिज उत्पादन करने तथा खनिज रॉयल्टी का समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान खदान क्षेत्रों में बरसात के बाद जमा पानी के सुरक्षित निस्तारण के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी खनिज संचालकों को दिए गए। साथ ही नए खदान ब्लॉकों के लिए क्षेत्र उपलब्धता के संबंध में खनन क्षेत्रों के आसपास का एरिया भी चिन्हित किया गया।
इस संयुक्त जांच दल में खान ब्यूरो से उप खान नियंत्रक श्री डी. आर. गुर्जर, श्री श्रेयस कुमार एवं उपसंचालक खनिज श्री आर. के. दीक्षित उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई खनन गतिविधियों को पारदर्शी, सुरक्षित एवं पर्यावरणीय नियमों के अनुरूप संचालित करने के उद्देश्य से की गई।



