कटनी – कलेक्ट्रेट में बुधवार को महिलाओं के लिये आयोजित रोजगार मेला में अपर कलेक्टर श्री नीलांबर मिश्रा ने बंगलौर, तमिलनाडु की नामचीन निजी कंपनी के लिये चयनित 37 महिलाओं को ऑफर लेटर प्रदान किया गया। राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में बुधवार को केवल महिला आवेदिकाओं के लिए नि:शुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी श्री डी के पासी ने बताया कि इस रोजगार मेले के द्वारा टाटा इलेक्ट्रानिक मैन्युफैक्चरिंग कम्पनी कृष्णागिरी तमिलनाडु कम्पनी द्वारा टेक्नीकल ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, मोबाईल एसेम्बलर, एसेमबिल आपरेटर पदों पर भर्ती हेतु साक्षात्कार का आयोजन किया गया। मेले में 60 महिला आवेदिकाओं ने भाग लिया।
मेले में टेक्नीकल ऑपरेटर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, मोबाईल एसेम्बलर व एसेमबिल ऑपरेटर के पदों हेतु कुल 37 महिलाओं का चयन किया गया।
इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर श्री प्रदीप मिश्रा एवं उद्योग विभाग की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान द्वारा सभी चयनित आवेदिकाओं को ऑफर लेटर प्रदान किये गये।


