कटनी – नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त रुख अपनाते हुए तीन होटल संचालकों को नोटिस जारी किया है। निगम के स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि विगत दिवस निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निरीक्षण के दौरान मुख्य स्टेशन रोड के सार्वजनिक मार्ग पर होटल संचालकों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी एवं कचरे के कारण आवागमन प्रभावित होने तथा न्यूसेंस उत्पन्न होना पाए जाने पर जिम्मेदार होटल संचालकों के विरुद्ध नोटिस जारी करने की कार्यवाही की गई।
इन्हे दिया नोटिस
स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि मध्यप्रदेश नगर निगम अधिनियम 1956 की धाराओं का उल्लंघन पाए जाने पर जिन होटल संचालकों एवं टी स्टॉल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है उनमें माँ जालपा भोजनालय सहित दो टी स्टॉल रवि टी स्टॉल एवं मुन्ना टी स्टॉल पान दुकान शामिल है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाना नियमों के विरुद्ध है और इसके लिए दंडात्मक कार्यवाही का प्रावधान है। होटल संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने प्रतिष्ठान से निकलनें वाले अपशिष्ट पदार्थ को नगर निगम के कचरा वाहन में डालें सार्वजनिक सड़क में न फेककर आसपास स्वच्छता बनाए रखें, विपरीत स्थिति में संबंधितों के विरूद्ध अर्थदण्ड एवं वैधानिक कार्यवाही की जावेगी जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
नगर निगम प्रशासन ने नगर के सभी व्यापारियों एवं होटल संचालकों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में निगम का सहयोग करें।


