पांढुर्णा/29 नवंबर 2025/ “मुस्कान अभियान” यातायात एवं जनजागरूकता अभियान के तहत केन्द्रीय विद्यालय पांढुर्णा एवं लोधीखेड़ा के लिटिल स्टेप ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी स्कूल में आज भव्य जिला स्तरीय गरिमामय समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 01 से 30 नवंबर 2025 तक गुम नाबालिग बालक–बालिकाओं की पतासाजी एवं दस्तयाबी हेतु चलाए गए “मुस्कान विशेष अभियान” के तारतम्य में पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री सुन्दर सिंह कनेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री नीरज कुमार सोनी के निर्देशन में प्रतिदिन अभियान आयोजित किया गया।
आज आयोजित समापन कार्यक्रम में केन्द्रीय विद्यालय पांढुर्णा एवं लिटिल स्टेप ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, लोधीखेड़ा में छात्र-छात्राओं को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री नीरज कुमार सोनी द्वारा अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने “मुस्कान विशेष अभियान”, गुम नाबालिग बालिकाओं की पतासाजी, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, सायबर अपराधों से बचाव, यातायात नियम, नशे के दुष्परिणाम, डायल-112, गुड टच–बैड टच, बाल विवाह उन्मूलन, पास्को एक्ट, संविधान एवं कानून, ट्रैफिक नियमों तथा महिला सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में पुलिस टीम द्वारा साइबर फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर सचेत करते हुए अनजानी लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी साझा न करने एवं सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही नशा मुक्ति के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
महिला प्रकोष्ठ प्रभारी पांढुर्णा श्रीमती संध्यारानी सक्सेना ने छात्र-छात्राओं को महिलाओं के सम्मान, अधिकारों, कानूनों तथा करियर से जुड़ी अहम जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, आकस्मिक हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एवं साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देते हुए सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया।
यातायात प्रभारी पांढुर्णा श्रीमती आकांक्षा सहारे एवं थाना प्रभारी लोधीखेड़ा निरीक्षक ए.बी. मर्सकोले ने राहवीर योजना, सड़क दुर्घटना के समय पीड़ित की सहायता, हाईवे टोल-फ्री नंबर 1033, तथा आपातकालीन जीवन रक्षक प्रक्रिया सीपीआर के बारे में छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में घायलों की सहायता करने वाले नागरिकों को कानूनी सुरक्षा प्रदान की जाती है।
इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी, थाना प्रभारी, स्कूल प्राचार्य, शिक्षकगण एवं 500–600 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
केन्द्रीय विद्यालय पांढुर्णा में जागरूकता कार्यक्रम – मुस्कान अभियान के जिला स्तरीय समापन के तहत आज थाना पांढुर्णा अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय पांढुर्णा में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पांढुर्णा श्री बृजेश कुमार भार्गव द्वारा महिला अपराधों की रोकथाम, हार्टफुलनेस, तनाव मुक्ति ध्यान, सायबर फ्रॉड, नशा मुक्ति अभियान, बाल मित्र योजना एवं राहवीर योजना पर विस्तृत जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी पांढुर्णा निरीक्षक अजय मरकाम ने साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूकता प्रदान की। महिला प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती संध्यारानी सक्सेना ने महिलाओं के अधिकार, सम्मान तथा सुरक्षा से संबंधित जानकारियाँ साझा कीं। कार्यक्रम में एसडीओपी पांढुर्णा, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी, विद्यालय प्राचार्य, शिक्षकगण एवं 500–600 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
डी.के.एम. स्कूल मोहगांव में जागरूकता कार्यक्रम – इसी श्रृंखला में थाना मोहगांव अंतर्गत डी.के.एम. स्कूल मोहगांव में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित दाणी द्वारा मुस्कान विशेष अभियान के तहत महिला अपराधों की रोकथाम, सतर्कता, हार्टफुलनेस, ध्यान, सायबर फ्रॉड, नशा मुक्ति अभियान, बाल मित्र योजना एवं राहवीर योजना की विस्तृत जानकारी देकर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। स्कूल प्राचार्य, छात्र-छात्राएं एवं पुलिस स्टाफ इस अवसर पर उपस्थित रहे।
जिला स्तर पर सम्पन्न हुआ यह भव्य समापन कार्यक्रम न केवल एक जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में सार्थक पहल है, बल्कि बच्चों, अभिभावकों और नागरिकों को सुरक्षा, सम्मान एवं कानून के प्रति सतर्क और सजग बनाने का महत्वपूर्ण प्रयास भी है।
*संवाददाता शुभम सहारे पांढुरना*


