मध्यप्रदेश के जबलपुर में सोशल मीडिया पर दबदबा बनाने की सनक ने एक नया अपराध पैटर्न उजागर किया है। शहर में सक्रिय एक कथित “गर्ल्स गैंग” द्वारा नाबालिग किशोरी के अपहरण, पिटाई और उसका वीडियो इंटरनेट पर अपलोड करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
ग्वारीघाट पुलिस ने शनिवार को 25 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया, जबकि गैंग में शामिल दो 17 वर्षीय नाबालिगों को हिरासत में लेकर बालिका सुधार गृह भेज दिया गया। कार्रवाई पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत और वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद की गई।
कैसे हुआ मामला उजागर
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि 15 नवंबर को तीनों युवतियां उसे बहला-फुसलाकर साथ ले गईं और ग्वारीघाट तट के सुनसान क्षेत्र में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद आरोपितों ने उसे डराने और बदनाम करने के लिए वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
22 नवंबर को जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पुलिस ने इसका स्वतः संज्ञान लिया। शाम को पीड़िता थाने पहुंची और विस्तृत शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद टीम ने तीनों आरोपितों को चिन्हित कर कार्रवाई की।
गैंग लीडर भी नाबालिग
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि समूह का नेतृत्व एक नाबालिग लड़की कर रही थी, जिसे स्थानीय लोग “लेडी गैंग” लीडर के रूप में जानते हैं। पुलिस के मुताबिक, अभी तक इन तीनों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर पहचान और दबदबा बनाने की चाह ने उन्हें अपराध की राह पर धकेल दिया।
पुलिस की आगे की कार्यवाही
ग्वारीघाट थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस और बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वीडियो वायरल करने में शामिल मोबाइल, आईडी और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या इस गैंग के और भी सदस्य हैं तथा उन्होंने पहले भी ऐसे किसी अपराध को अंजाम दिया है या नहीं।


