कटनी (20 नवंबर 2025) – भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में 04 नवंबर से मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य जारी है। जिसके तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना पत्रक दिया गया है और मतदाता द्वारा गणना पत्रक भरने के बाद उसे डिजिटलाइज किया जा रहा है। यह कार्य 04 दिसंबर तक किया जाना है।
मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम सीमा में निवासरत नागरिकों की सुविधा एवं समस्याओं के निराकरण हेतु नगर निगम कार्यालय सहित जोन कार्यालय क्रमांक 1 बस स्टेंड आडिटोरियम, जोन कार्यालय क्रमांक 2 दुर्गा चौक खिरहनी एवं जोन कार्यालय क्रमांक 4 माधवनगर उप कार्यालय में हेल्पडेस्क स्थापित कर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने नगर वासियों से अपील की है कि वे मतदाता गणना पत्रक भरने में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने क्षेत्र के हेल्पडेस्क सेंटर से सम्पर्क कर समस्या का निराकरण करा सकते है।
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे बीएलओ द्वारा प्रदाय किए गए गणना पत्रक में सही-सही जानकारी भरकर उसमें हस्ताक्षर करके व फोटो चस्पा कर बीएलओ को शीघ्रता से उपलब्ध कराए। जिन मतदाताओं के नाम 2025 की मतदाता सूची में शामिल हैं, लेकिन 2003 की मतदाता सूची में नहीं हैं, उन्हें 2003 की मतदाता सूची में शामिल अपने माता-पिता या अन्य परिजनों का नाम व मतदाता सूची में सरल क्रमांक भरना है। विवाह के पश्चात आई नई बहुओं को भी अपने मायके वाले स्थान की 2003 की मतदाता सूची में शामिल अपने माता-पिता या अन्य परिजनों का नाम व मतदाता सूची में सरल क्रमांक गणना पत्रक में भरना है।


