पांढुर्णा/17 नवंबर 2025/ मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2026 अंतर्गत 04 नवंबर 2025 से 04 दिसंबर 2025 तक घर-घर सर्वेक्षण का कार्य संबंधित बी.एल.ओ. द्वारा किया जा रहा है। पांढुर्णा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप उक्त कार्य का निरीक्षण एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पांढुर्णा) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पांढुर्णा श्री विनय प्रकाश ठाकुर द्वारा किया गया।
अधिकारियों ने पंढरी वार्ड में बी.एल.ओ. श्री प्रभाकर ईवनाती, महावीर वार्ड में बी.एल.ओ. श्रीमती सविता डेहरिया तथा भगतसिंह वार्ड में बी.एल.ओ. श्री रंजन सिंह राजपूत द्वारा वार्डों में किए जा रहे सर्वेक्षण कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति एवं बी.एल.ओ. को आ रही परेशानियों को समक्ष कर उनका तत्त्काल निराकरण किया गया। साथ ही, संबंधित क्षेत्र के मतदाताओं से घर-घर सर्वेक्षण कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील भी की गई, ताकि आगामी निर्वाचन के लिए मतदाता सूची को सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।
*संवाददाता शुभम सहारे पांढुरना*


