कटनी (10 नवंबर) – राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ को देश भर में 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक समारोहपूर्वक आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत की भूमिका और इसकी स्थायी सांस्कृतिक विरासत के महत्व को प्रदर्शित करने के लिए किया जा रहा है।
इसी श्रृंखला में नगर निगम कार्यालय में सोमवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की मौजूदगी में राष्ट्र-गीत “वंदे-मातरम” का सामूहिक गायन हुआ। इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू, डॉ रमेश सोनी, शकुंतला सोनी, उपयुक्त श्री शैलेश गुप्ता, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक उपयंत्री संजय मिश्रा,कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल सहित नगर निगम के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
चार चरणों में आयोजित होंगे कार्यक्रम
यह आयोजन चार चरणों में होगा, जो गीत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व को प्रदर्शित करेगा। प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर 2025 (शुभारंभ), द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस), तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह) में व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।


