कटनी। नगर में इलेक्ट्रॉनिक बस संचालन की सुविधा शीघ्र प्रारंभ किए जाने की दिशा में
नगर निगम की तैयारियाँ गति पकड़ चुकी हैं। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर निर्माणाधीन झिंझरी बस स्टैंड में इलेक्ट्रॉनिक बसों के चार्जर ट्रांसफार्मर पॉइंट की स्थापना हेतु विगत दिवस संबंधित अधिकारियों द्वारा भूमि के चयन हेतु संयुक्त निरीक्षण किया गया।
इस दौरान प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, आसित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, संजय मिश्रा सहित इलेक्ट्रिक बस संचालन हेतु अनुबंधित याेलो बस प्राइवेट लिमिटेड दिल्ली के एजीएम श्री राकेश कुमार, टेक्निकल हैड श्री राजेश, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर जितेंद्र पटेल उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान चार्जिंग यूनिट की तकनीकी आवश्यकताओं, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा मानकों एवं बसों के आवागमन हेतु समुचित मार्ग व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। निगम अधिकारियों ने संबंधित एजेंसी को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम का इलेक्ट्रॉनिक बस संचालन का मुख्य उद्देश्य आगामी दिनों में पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रॉनिक बसों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर, प्रदूषणमुक्त एवं आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।


