छिन्दवाड़ा/08 नवंबर 2025/ धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष के उपलक्ष्य में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 01 नवम्बर से 15 नवम्बर 2025 तक ‘‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’’ के अंतर्गत जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में जिलेभर में जनजातीय नायकों के बलिदान, संघर्ष और योगदान को याद करते हुए सांस्कृतिक एवं जनजागरूकता आधारित गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित जनजातीय छात्रावास में विद्यार्थियों द्वारा ‘‘जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा’’ की वीरगाथा पर आधारित नाटक का मंचन किया गया। इस नाटक में बिरसा मुंडा के साहस, नेतृत्व और देशभक्ति की भावना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से समाज में समानता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के प्रति जननायक बिरसा मुंडा के संदेश को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया।
जिले में ‘‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’’ के दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा, कला और इतिहास से जुड़ी गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जा रही हैं, जिससे समाज में गौरव और प्रेरणा का संदेश प्रसारित हो रहा है।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


