MP NEWS CAST मनीष गौतम 9993205230
कटनी ग्राम पंचायतों को जल प्रदाय योजनाओं को हैंड ओवर करने की प्रक्रिया में शासन द्वारा तय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो। साथ ही पूर्ण और दो वर्ष से लंबित जलप्रदाय योजनाओं का संबंधित जनपद पंचायत के सीईओ और पीएचई विभाग द्वारा एक सप्ताह में संयुक्त निरीक्षण कर पूर्ण जल प्रदाय योजनाओं का पंचायतों को हैंडओवर करायें। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने यह निर्देश शुक्रवार को यहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में दिये। इस मौके पर जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर भी मौजूद रहीं।
हर घर जल ग्राम घोषित करायें
कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगतिरत नलजल योजनाओं मे शेष बचे हुए कार्यो का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मैदानी अमला एवं कार्य एजेन्सी इन प्रगतिरत ग्रामों को पूर्ण कर शासन द्वारा निर्धारित हस्तांतरण के दिशा-निर्देश के अनुसार जल प्रदाय योजना संबंधित ग्राम पंचायत को हस्तांतरित करते हुए पंचायत को हर-घर जल घोषित एवं प्रमाणीकरण का कार्य किया जाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि पिछले एक-दो महीने से ट्रायलरन में संचालित योजनाओं की सूची तैयार कर जिला पंचायत सीईओ को उपलब्ध करायें। जिससे हस्तांतरण कार्य में गति आ सके।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया कि अपने स्तर पर सभी ठेकेदारो को पत्र के माध्यम से निर्धारित समय अवधि में जल जीवन मिशन के अंतर्गत शेष कार्यो को पूर्ण करने हेतु निर्देशित करने की हिदायत दी। कलेक्टर ने कहा कि जिस कार्य एजेन्सी द्वारा इन कार्यो को समय-सीमा में पूर्ण नहीं किया जाता एवं लापरवाही बरती जा रही है, उस कार्य एजेन्सी की रिपोर्ट प्रस्तुत कर आगामी एक महीने में समीक्षा बैठक पुनः बुलाई जाए। और इस बैठक में ठेकेदारो की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित हैं एवं संचालन संधारण ग्राम पंचायत द्वारा किया जा रहा है तो अंशदान की राशि एवं पेयजल शुल्क वसूलने की कार्यवाही किया जाना सुनिश्चित करें एवं पंचायत दर्पण पोर्टल पर प्रविष्टी कराने के निर्देश सभी ग्राम पंचायतो को देवें।
कूड़न जलाशय से पेयजल का बनायें प्रस्ताव
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक मे विकासखण्ड बहोरीबन्द के 32 अप्रारम्भ ग्रामों मे पेयजल व्यवस्था हेतु कूड़न जलाशय से जल निगम मर्यादित पन्ना को पेयजल उपलब्ध कराने हेतु कलेक्टर श्री तिवारी ने जल संसाधन विभाग एवं जल निगम मर्यादित पन्ना को आपसी समन्वय बनाते हुए प्रस्ताव तैयार कर राज्य शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
पवई-2 समूह जल प्रदाय योजना की समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत पवई-2 समूह जल प्रदाय योजना के कार्यों की समीक्षा की गई। योजना अंतर्गत कटनी जिले में लाभान्वित विकासखंड रीठी एवं कटनी के विभिन्न ग्रामों चल रहे कार्यों की वास्तविक प्रगति की विस्तृत जानकारी महाप्रबंधक जल निगम पन्ना शिवम सिन्हा द्वारा प्रस्तुत किया गया। योजना अंतर्गत इंटेक वेल 90 प्रतिशत, जलशोधन संयंत्र 40 प्रतिशत, पाइप लाइन 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने इस पर और प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यपालन यंत्री पीएचई पवनसुत गुप्ता, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, पीएचई के सहायक यंत्री व उपयंत्री को जल निगम के अधिकारी मौजूद रहे।


