*राष्ट्रगीत के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कर देशभक्ति के भाव के साथ सम्पूर्ण सामूहिक गायन किया गया*
छिन्दवाड़ा/ 07 नवंबर 2025/ राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर देशभर में आज राष्ट्रगीत “वन्दे मातरम्” के 150वें स्मरणोत्सव का समारोहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों ने उत्साहपूर्वक एकत्र होकर राष्ट्रगीत का सम्पूर्ण सामूहिक गायन किया और इसके ऐतिहासिक महत्व तथा राष्ट्रीय गौरव का स्मरण किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम राजमाता सिंधिया शासकीय कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर श्री विक्रम अहके व श्री शेषराव यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, डीआईजी श्री राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय व सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार द्वारा मां सरस्वती का पूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल पटेल, नगर निगम आयुक्त श्री सी. पी.राय, शासकीय पी.जी.कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वाय.के.शर्मा, गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अस्मिता मुंजे सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में युवा एवं विद्यार्थी शामिल हुए।
सभी ने गौरव एवं देशभक्ति के भाव से राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का संपूर्ण सामूहिक गायन किया। समारोह का उद्देश्य स्वतंत्रता संग्राम में वन्दे मातरम् की प्रेरणादायक भूमिका को याद करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना का संचार करना है। कार्यक्रम में मंच संचालन शिक्षक श्री धीरेन्द्र दुबे द्वारा किया गया। पूरे जिले में यह आयोजन श्रद्धा, उत्साह और एकता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। शासन के निर्देशानुसार 07 नवंबर 2025 से प्रारंभ होकर पूरे वर्ष भर 07 नवम्बर 2026 तक यह स्मरणोत्सव चार चरणों में मनाया जाएगा।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


