MPNEWSCAST
हेलमेट अनिवार्यता पर पूर्व विधायक और एसपी के बीच नोकझोंक, 2300 रुपये का कटा चालान
बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में 1 नवंबर से दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चौपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। नियम लागू होने के पहले ही दिन शनिवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य मिश्रा स्वयं सड़क पर उतरकर चौक-चौराहों पर निगरानी करते नजर आए।
एसपी मिश्रा ने पैदल चलकर लोगों से हेलमेट पहनने की अपील भी की, लेकिन राजघाट चौक पर हेलमेट को लेकर परसवाड़ा के पूर्व विधायक उमाशंकर मुंजारे से उनकी नोकझोंक हो गई।
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक मुंजारे बिना हेलमेट बाइक चला रहे थे। इस पर एसपी ने जब हेलमेट न पहनने का कारण पूछा तो मुंजारे भड़क गए और बोले— “मुझे कानून मत सिखाओ, मैं पूर्व विधायक हूं।” उन्होंने खुद को जनप्रतिनिधि बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की।
एसपी ने जब उनका ड्राइविंग लाइसेंस और आईडी प्रूफ मांगा, तो पूर्व विधायक ने कहा— “मेरी गाड़ी चोरी की है क्या? जाकर पता कर लो।” इस पर पुलिस ने नियमों का पालन करते हुए उनकी बाइक को यातायात थाने में जप्त कर लिया और 2300 रुपये का चालान काटा।
चालान राशि जमा करने के बाद वाहन उन्हें लौटा दिया गया।
एसपी आदित्य मिश्रा ने कहा कि हेलमेट की अनिवार्यता लोगों की सुरक्षा के लिए लागू की गई है, और अधिकांश नागरिकों ने इस मुहिम में सहयोग किया है। उन्होंने बताया कि जिले के कई जनप्रतिनिधि भी लोगों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक कर रहे हैं।
गौरतलब है कि उमाशंकर मुंजारे पूर्व सांसद कंकर मुंजारे के छोटे भाई और बालाघाट की कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे के देवर हैं।


