रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में आज आईटीआई रोड पर आरटीओ कार्यालय के सामने रातों-रात अवैध रूप से बड़ी संख्या में रखे गए टपों का विषय उठा है। नगर की मुख्य सड़कों पर भी बड़ी संख्या में अतिक्रमण और हाथ ठेलों से यातायात अवरोध हो रहा है।
नगर में निरंतर अतिक्रमण से जाम के हालात निर्मित होते हैं। बस स्टैंड के साथ आसपास के क्षेत्र में भी यही हालत है। सतरास्ते पर भी यही हालात हैं। जिससे आए दिन दुर्घटना और विवाद के हालात निर्मित होते हैं। नागरिक निरंतर नगर की सड़कों पर सुगम यातायात की गुहार लगा रहे हैं। जिला प्रशासन की बैठकों में भी यह मुद्दा निरंतर प्रकाश में आ रहा है। दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने नगर में अवैध रूप से सड़क किनारे गुमटियां टप रखकर किए अतिक्रमण का विषय उठाया गया। जिससे यातायात अव्यवस्था से खराब हो रहे माहौल और अतिक्रमण से उत्पन्न हो रहे अवरोध को अवगत कराते हुए जिला प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही किए जाने की बात रखी। दिशा की बैठक में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने अवगत कराया कि आईटीआई रोड पर शासकीय पॉलीटेक्टिक कॉलेज की दीवार से लगकर आरटीओ कार्यालय के सामने रातों-रात अवैध रूप से बड़ी संख्या में अतिक्रमण किया जा रहा हैं। इसी के साथ वार्ड 15 में मुख्यमंत्री अधो संरचना की सड़क के दोनों तरफ अवैध रूप से अतिक्रमण होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। इसी तरह ओवरब्रिज के नीचे भी तेजी से अतिक्रमण हो रहा है। मैंने एक पत्र भी दिया है कि शीघ्र अति शीघ्र अतिक्रमण हटाया जाए और कार्यवाही से मुझे अवगत कराया जावे। उल्लेखनीय कि पिछले करीब एक सप्ताह से आईटीआई रोड पर आरटीओ कार्यालय के सामने सड़क के दूसरी तरफ बड़ी संख्या में नए टप रखे जा रहे हैं। यहां टप रखने की होड लगी हुई है। बड़ा सवाल यह भी है कि आखिर सड़क किनारे किसके संरक्षण में सरकारी जमीन पर बेखौफ यहां अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है? जिसको लेकर पॉलिटेक्निक कॉलेज प्राचार्य द्वारा भी आपत्ति दर्ज कराई गई है। उसके बावजूद यहां से प्रशासन द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जा पाया है। पूर्व में आरटीओ द्वारा भी यहां पर अवैध रूप से संचालित टपों को हटाए जाने के लिए प्रशासन को आवेदन दिया जा चुका है। उसके बावजूद अतिक्रमण हटाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही, अब राज्यसभा सांसद द्वारा इस गंभीर मुद्दे को उठाया गया है।


