कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी स्थित जिला जेल में आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कैदी ने मच्छरदानी के तार से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक दीपक अहिरवार पिता कृष्णा अहिरवार, जो जीआरपी थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पिछले तीन माह से सजा काट रहा था, उसने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि दीपक का जेल में ही बंद एक अन्य कैदी दीपक मोटवानी से गुटखा को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद जेल प्रशासन ने दोनों को अलग-अलग बैरकों में शिफ्ट कर दिया था।
इसी रंजिश के चलते दीपक अहिरवार ने जेल बैरक में फांसी लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद प्रहरी ने उसे लटकते देखा तो तुरंत अलार्म बजा दिया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई में कैदी को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जेल वार्ड में पुलिस निगरानी में भर्ती कराया गया है।
जेल प्रबंधन और माधवनगर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
जेल परिसर में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।


