गुणवत्ताहीन मिठाइयों पर सख्ती — 120 डिब्बों की बिक्री जांच रिपोर्ट तक रोकी गई
कटनी, 15 अक्टूबर। दीपावली त्योहार के दृष्टिगत जिले में मिठाई एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बुधवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया।
तहसीलदार श्री आशीष अग्रवाल के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने सुभाष चौक स्थित खोवा मंडी की दुकानों का निरीक्षण किया। मौके पर गुप्ता खोवा कमीशन एजेंट की दुकान में विक्रय हो रहे खोवा की प्रारंभिक जांच सही पाई गई, किन्तु दुकान में रखे मिल्क केक एवं दूध बर्फी में मिलावट की आशंका होने पर नमूने जांच हेतु लिए गए।
टीम द्वारा करीब 50 मिठाई के डिब्बों में पैकिंग डेट एवं एक्सपायरी डेट अंकित नहीं होने पर उन मिठाइयों की बिक्री पर रिपोर्ट प्राप्त होने तक रोक लगाई गई।
इसी प्रकार विजय खोवा भंडार से डोडा बर्फी एवं मिल्क केक के सैंपल जांच के लिए लिए गए तथा 70 मिठाई के डिब्बों की बिक्री अस्थायी रूप से प्रतिबंधित की गई।
इसी क्रम में विजयराघवगढ़ क्षेत्र में तहसीलदार के नेतृत्व में बीकानेर मिष्ठान भंडार, कुंडा स्वीट, छेना स्वीट, प्रहलाद स्वीट, अनिल स्वीट तथा शिवाय स्वीट दुकानों से खोवा, पेड़ा, सोनपापड़ी एवं नमकीन के सैंपल लिए गए।
सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री तिवारी ने कहा कि त्योहार के समय मिलावटखोरी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन को भी सजग रहने और संदिग्ध खाद्य सामग्री की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई है।


