कटनी, 13 अक्टूबर। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन सक्रिय हो गया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने सोमवार को शहरभर की मिठाई दुकानों पर अचानक जांच अभियान चलाया।
कई प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
जांच के दौरान मामा स्वीट्स एंड बेकर्स से मिल्क केक, पिस्ता बर्फी और मैसूर पाक के नमूने लिए गए।
स्टेशन रोड स्थित जायसवाल नमकीन से नमकीन, मिल्क केक और दूध बर्फी के सैंपल लिए गए।
वहीं गोलू ढाबा एवं स्वीट्स से छेना, सैंडविच, मिल्क केक, मगज लड्डू, बूंदी लड्डू, कैडबरी सेलिब्रेशन और नमकीन के कुल 6 नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसके अलावा बस स्टैंड स्थित साईं स्वीट्स से खोवा और बर्फी के नमूने लिए गए।
नमूने भेजे गए प्रयोगशाला
सभी सैंपल्स को राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता में गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप
यह कार्रवाई तहसीलदार आशीष अग्रवाल और तहसीलदार ऋषि गौतम के नेतृत्व में की गई। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम उपभोक्ताओं ने इस पहल का स्वागत किया है।


