*महापौर ने दीपावली के पूर्व वेतन करने की घोषणा की, अन्य मांगों को पूरा करने के लिए की जाएगी कारवाई*
सागर /ननि/10.10.25/ नगर निगम कर्मचारी संघों द्वारा महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी को ज्ञापन सौंपकर दीपावली पर्व के पूर्व वेतन एवं बकाया एरियस का भुगतान करने,पदोन्नति करने, शासन आदेश दिनांक से गृह भाड़ा देने, पूर्व में हड़ताल के दौरान काटे गए 7 दिवस का वेतन सहित विभिन्न मांगों को पूर्ण करने की मांग की थी जिसे महापौर ने गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को एम आई सी सदस्यों एवं निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की उपस्थिति में बैठककर सभी कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर 5 करोड़ रुपए का ऋण लेकर दीपावली के पूर्व वेतन देने की घोषणा की, जिस पर कर्मचारी संघों ने महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी का आभार व्यक्त किया।
एम आई सी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि कर्मचारी संघों द्वारा माननीय महापौर जी को विभिन्न मांगों के संबंध में जो ज्ञापन दिया गया है उन मांगों को पूर्ण करने हेतु महापौर जी एवं आयुक्त महोदय द्वारा सहानुभूति पूर्वक विचार किया जा रहा है। कर्मचारी भी अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाएं, बकाया वसूली के लिए अधिक परिश्रम करें।
बैठक में पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव ने कहा कि सभी को मालूम है कि नगर निगम आर्थिक स्थिति से गुजर रहा है इस कारण आपको वेतन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है यह पूरी परिषद आपकी समस्याओं का निराकरण करने के लिए हमेशा आपके साथ है पूर्व की परिषदों ने भी आपकी समस्याओं का निराकरण किया है हम लोग बकाया राशि की वसूली करने के लिए प्रयासरत है इसलिए सभी लोग बकाया वसूली को मेहनत के साथ करवाएं जो शासन स्तर की मांग है उसे शासन को भेजेंगे।
नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कहा कि सभी कर्मचारी निगम परिवार के सदस्य हैं वेतन देना नैतिक दायित्व है,शहर का विकास हो रहा है निगम पर बिजली, स्थापना , डीजल सबसे बड़े खर्च हैं। स्मार्ट सिटी,सीवर एवं टाटा प्रोजेक्ट आने के बाद बिजली का बिल बढ़ने लगा है। निगमायुक्त ने कहा कि हम बकाया वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं, रेलवे, नगरपालिका मकरोनिया सहित सभी बकायादारों से राशि लेने की कार्रवाई की जा रही है। कर्मचारियों से क्या काम लेना है यह सुनिश्चित करना होगा। वसूली कर लेंगे तो ऋण नहीं लेना पड़ेगा। निगमायुक्त ने कर्मचारी संघों से कहा कि जो कर्मचारी काम नहीं कर रहे हैं उनकी सूची दे दें जिससे उन्हें वसूली के कार्य में लगाया जा सके ।
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि कर्मचारी संघों के प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण चर्चा हुई है हम सभी नगर निगम परिवार के सदस्य हैं। दीपावली पर्व आने वाला है सभी कर्मचारी दीपावली का त्यौहार अच्छे से मना सके इसके लिए कर्मचारियों को वेतन देने के लिए 5 करोड़ रुपए का ऋण लेने की स्वीकृति प्रदान करती हूं जिसे बाद में बकाया वसूली की राशि आने के बाद चुकता कर दिया जाएगा।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉक्टर सुशील तिवारी ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण करना एवं उन्हें वेतन देना हमारा नैतिक दायित्व है पूरी परिषद कर्मचारियों के साथ हैं जो समस्याएं हैं उनका निराकरण किया जाएगा।
महापौर द्वारा वेतन एवं अन्य मांगों को पूर्ण करने की घोषणा करने पर कर्मचारी संघों ने आभार व्यक्त किया। बैठक में एमआईसी सदस्य श्री विनोद तिवारी, शैलेंद्र ठाकुर, अनूप उर्मिल, धर्मेंद्र खटीक, राजकुमार पटेल, श्रीमती संगीता शैलेष जैन, रूपेश यादव,पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव, श्रीमती कंचन सोमश जड़िया, कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव राजेश सिंह राजपूत, कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक, आनंद मंगल गुरु मनोज चौबे, वर्षा समद, सफाई कामगार यूनियन अध्यक्ष सुदेश सनकत, महेश करोसिया, भोला करोसिया ,सुदामा मछंदर ,विजय महावत, दशरथ महावत ,दीपक ज्ञान, हेमंत सारवन सहित नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित थे ।
सागर से दुर्ग सिंह यादव की रिपोर्ट


