खंडवा जिले के पंधाना क्षेत्र के ग्राम जामली के पास स्थित अर्दला तालाब में दुर्गा पूजा के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है। हादसे में अपनी जान गंवाने वाले 11 ग्रामीणों का आज गांव में अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
सुबह से ही परिजनों के साथ जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने पहले अर्दला तालाब पर घटना की स्थिति का जायजा लिया और फिर पाडलाफाटा पहुंचकर अंतिम संस्कार की तैयारियों की निगरानी की। वहीं दोपहर तक मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात करेंगे और संवेदनाएं व्यक्त करेंगे।
गांव का माहौल ग़मगीन है। एक साथ 11 जनाजे उठने की स्थिति ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। दशहरे की खुशियों के बीच घटित इस हादसे ने हर चेहरे से मुस्कान छीन ली है। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है और कई घरों में कल से चूल्हा तक नहीं जला है।
सरकार ने मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद की घोषणा की है। मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये, प्रधानमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इस बीच, जिला चिकित्सालय खंडवा में तीन घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पंधाना थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने आश्वासन दिया है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।


