MPNEWSCAST
कटनी (29 सितंबर)। मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जबलपुर एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण भोपाल की गाइडलाइन तथा शांति समिति के निर्णयों का पालन करते हुए नगर निगम ने आदेश जारी किया है कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन मसुरहा घाट, कटाएघाट एवं अमीरगंज तालाब में पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।
नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने बताया कि इन स्थलों पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराने हेतु तीन प्रभारी एवं शिफ्टवार 22 सहायक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं आयुक्त सुश्री परिहार ने नगर की सभी दुर्गा समितियों एवं नागरिकों से अपील की है कि प्रतिबंधित स्थलों पर प्रतिमा विसर्जन न करें और केवल नगर निगम द्वारा चिन्हित घाटों एवं कृत्रिम कुंडों में ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें।
उन्होंने कहा कि यह कदम पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों की शुद्धता बनाए रखने के लिए आवश्यक है और इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है।


