नगर में घंटाघर रामलीला मैदान एवं गोल बाजार रामलीला मैदान में आयोजित हो रही भव्य रामलीला धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नगर निगम द्वारा की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार आईएएस ने आदेश जारी कर अधिकारी कर्मचारियों को दायित्व सौंपे हैं।
निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार घंटाघर रामलीला मैदान में 3 अक्टूबर तक एवं गोल बाजार मैदान में 5 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले रामलीला कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त साफ-सफाई चूने की लाइनिंग, कीटनाशक दवा का छिड़काव, आवारा मवेशियों के नियंत्रण हेतु प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी के साथ विभागीय टीम के अन्य कर्मियों को दायित्व सौंपे गए हैं। इसी प्रकार कार्यक्रम स्थल में शुद्ध पेयजल हेतु पर्याप्त पानी टैंकर की व्यवस्था हेतु उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई है।
कार्यक्रम के दौरान पहुँच मार्ग में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने एवं अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था हेतु प्रभारी कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री आदेश जैन तथा उपयंत्री मोना करेरा को दायित्व सौंपे गए है। इसी अनुसार अतिक्रमण हटाते हुए सुगम आवागमन बनाए रखने हेतु अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित अतिक्रमण दस्ते की ड्यूटी लगाते हुए सभी सौंपी गई व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।


