MPNEWSCAST
2 पन्नों की फोटोकॉपी के 4 हजार और 2500 ईंटों का 1.25 लाख का आया बिल
जिला आए दिन चर्चा में बना रहता है. हाल के महीनों में यहां से कई अजीबोगरीब घोटालों की खबरें सामने आ चुकी हैं. कभी 4 लीटर पेंट से पूरे स्कूल को रंगने का बिल बना दिया गया तो कभी जल गंगा अभियान में अधिकारियों को एक घंटे में कई किलो ड्राई फ्रूट परोसने का खर्चा दिखाया गया.शहडोल
मामला शहडोल जिले की ग्राम पंचायत कुदरी का है. जहां राज फोटोकॉपी सेंटर एंड डिजिटल स्टूडियो के नाम से बनाए गए इस बिल में एक पेज की कीमत 2 हज़ार रुपए और दो पन्नों की कुल कीमत 4 हज़ार रुपए दर्शाई गई है. सोशल मीडिया पर जैसे ही यह बिल वायरल हुआ, लोगों ने पंचायत सचिव और सरपंच पर मिलीभगत से सरकारी पैसे हड़पने के आरोप लगाए.
इस मामले में सरपंच का कहना है कि उन्हें इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है. वहीं ग्राम सचिव का कहना है कि यह भुगतान उनके ज्वाइन करने से पहले किया गया था.
भ्रष्टाचार का दूसरा मामला जिले की भटिया ग्राम पंचायत से सामने आया है. यहां 2500 ईंटों की खरीद के नाम पर 1.25 लाख रुपए का बिल पास कर दिया गया. बिल में ईंट की दर 50 रुपए प्रति ईंट बताई गई है, जबकि वास्तविक कीमत उससे बहुत कम है. बिल पर ग्राम पंचायत सचिव और सरपंच के हस्ताक्षर और सील भी मौजूद हैं. दोनों पर आरोप है कि बिल की राशि का आपस में बंटवारा कर लिया गया है.
इन दोनों ही मामलों में शहडोल कलेक्टर केदार सिंह ने कहा है कि मामलों की जांच के लिए एसडीएम को भेजा जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.


