कटनी (14 अगस्त) – नवनिर्मित केंद्रीय विद्यालय झिंझरी में बुधवार को खजुराहो लोकसभा सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा एवं कटनी मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल ने नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। विद्यालय प्राचार्य द्वारा दोनों जनप्रतिनिधियों को पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांसद श्री शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है, और विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। विधायक श्री जायसवाल ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवश्यक सुविधाओं की पूर्ति के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
विद्यालय परिवार ने इस प्रेरणादायी भेंट के लिए दोनों जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


