कटनी अपनी प्रचुर खनिज संपदा के लिए पहले से ही काफी चर्चा में रहता है। यहां पर मिलने वाली बेशकीमती तरह-तरह की खनिज संपदा ने हमेशा से खनिज उद्योग को बल प्रदान किया है। कटनी जिले में मिलने वाली खनिज संपदा के बीच सोने की प्रचुर मात्रा में मौजूदगी पाई गई है। स्लीमनाबाद क्षेत्र में सोने की मौजूदगी को लेकर प्रदेश जल्द सोने सा दमकेगा। कटनी के स्लीमनाबाद में इमलिया गोल्ड व बेस मेटल ब्लॉक परियोजना की लोक सुनवाई पूरी हो गई। पर्यावरण अनुमति मिलने के बाद सोना, तांबा, लेड-जिंक, सिल्वर के लिए खनन शुरू होगा। कटनी में सोना मिलने और उसके खनन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की खबर सामने आने के बाद कटनी के विकास को नए आयाम मिलने के असर जन्म लेने लगे हैं।
आपको बता दें कि कटनी में 6.51 हेक्टेयर में फैली खदान में 3.35 लाख टन गोल्ड अयस्क होने का अनुमान है। हर साल यहां से 33,214 टन गोल्ड अयस्क समेत अन्य खनिज निकाले जाएंगे। यहां 6.5 हेक्टेयर में 3.35 लाख टन गोल्ड अयस्क है। इससे 3.4 टन सोना मिलेगा।
कटनी में इतना खनिज
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक कटनी जिले के स्लीमनाबाद स्थित इमलिया गोल्ड व बेस मेटल ब्लॉक परियोजना में गोल्ड का 357789.04 टन, कॉपर का 271632.72 टन, लेड का 388726.55 टन एवं जिंक सिल्वर का 386468.75 टन भूवैज्ञानिक भंडार पाया गया है। यहां अगर खनन योग्य भंडार की बात करें तो सोने का 355059.16 टन, कॉपर का 254439.77 टन, लेड का 364031.25 टन एवं जिंक सिल्वर का 361916.88 टन मौजूद है।
मुंबई की कंपनी निकालेगी अयस्क
स्लीमनाबाद तहसील के इमलिया गांव में खसरा 1536, 1537, 1563, 1564, 1565 व 1576 के 6.51 हेक्टेयर में गोल्ड समेत कॉपर, लेड-जिंक व सिल्वर के खनन के लिए 50 साल की लीज 21 सितंबर 2020 को मप्र खनिज विभाग ने दी है। केंद्रीय खान मंत्रालय ने 23 अगस्त 2023 को खनन योजना को मंजूरी दी। खनन का ठेका मुंबई की प्रॉस्पेक्ट रिसोर्सज प्राइवेट लिमि. को दिया गया है।


