*वसूली कार्य में लापरवाही करने वालों की रुकेगी वेतनवृद्धि*
कटनी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली कार्य नहीं करने वाले कर्मचारी अब सतर्कता से कार्य करें, वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उक्त निर्देश निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे ने मंगलवार को नगर निगम के राजस्व विभाग की वसूली कार्य की समीक्षा के दौरान दिए। इस दौरान राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक मौजूद रहे।
निगमायुक्त द्वारा चालू वर्ष में राजस्व कर्मचारियों द्वारा अब तक की गई कुल वसूली एवं विगत 3 वर्षों में राजस्व विभाग द्वारा की गई वसूली पत्रक की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली नहीं करने वाले राजस्व वसूलीकर्ताओं पर नाराजगी व्यक्त की जाकर कार्य में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत वसूली करने की सख्त हिदायत दी। निगमायुक्त श्री नीलेश दुबे नें समीक्षा के दौरान नगण्य वसूली वाले दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा वसूली कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही करने वाले कर्मचारियों की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक को दिए।
निगमायुक्त ने राजस्व अधिकारी को वूसली का दैनिक लक्ष्य निर्धारित करने हेतु निर्देशित किया जाकर सभी उपस्थित सभी राजस्व निरीक्षक, उप-निरीक्षकों को रोजाना वार्डो में भ्रमण कर भवन एवं दुकान स्वामियों से संपर्क करते हुए निर्धारित लक्ष्य अनुरूप वसूली के प्राथमिक कर्तव्यों का पालन करते हुए प्रतिदिन की वसूली को संधारित डायरी में रोजाना अपडेट करने की हिदायत दी। निगमायुक्त ने बैठक में ई-केवाईसी कार्य की समीक्षा कर कार्य में प्रगति लाते हुए शेष कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दिए। बैठक के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी सगर नायक सहित समस्त राजस्व निरीक्षक, उप-निरीक्षक एवं राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति रही।


