MP NEWS CAST मनीष गौतम
टोल-फ्री नम्बर पर कॉल करके उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे जिले के किसान.
खरीफ फसल हेतु उर्वरक वितरण व्यवस्था को आसान बनाने जिले में एक जुलाई से टोल फ्री नम्बर की व्यवस्था प्रारंभ की जा रही है। किसानों को टोल फ्री नम्बर 0761-181 पर कॉल करने से एसएमएस के माध्यम से टोकन नम्बर दिया जायेगा। किसान टोकन नम्बर के माध्यम से निर्धारित दिन और समय पर उर्वरक वितरण केंद्र पहुँचकर खाद प्राप्त कर सकेंगे।
उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने यह जानकारी देते हुये बताया कि किसानों को उर्वरक प्रदाय करने की टोल फ्री नम्बर की यह व्यवस्था जिला ई-गवर्नेंस समिति के माध्यम से प्रारंभ की जा रही है। इस व्यवस्था के अंतर्गत खाद प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर पर कॉल करके किसानों को अपना नाम, समग्र आई डी नंबर, पावती क्रमांक, रकबा, मोबाइल नंबर, ग्राम का नाम, विकासखण्ड या तहसील का नाम एवं समीपस्थ खाद वितरण केन्द्र का नाम आदि बताना होगा।
डॉ निगम ने बताया कि उपलब्ध उर्वरक के स्टॉक के अनुसार किसानों को उनके द्वारा दर्ज कराये गए मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से टोकन नंबर, वितरण केंद्र का नाम, दिन और समय की जानकारी दी जायेगी। एसएमएस से मिली जानकारी के अनुसार किसान निर्धारित दिन, समय और तय उर्वरक वितरण केंद्र पहुँचकर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। उप संचालक कृषि के अनुसार टोल फ्री नम्बर की यह व्यवस्था जिले के उर्वरक प्रदाय केन्द्र विपणन संघ भण्डारण केन्द्र जबलपुर, पाटन, शहपुरा, सिहोरा, मझौली, रिछाई एम पी एग्रो पनागर एवं अन्य निर्धारित केन्द्रों के लिए की जायेगी।


