छिंदवाड़ा जिले ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि यदि इच्छाशक्ति दृढ़ हो और संसाधनों का समुचित उपयोग हो, तो कोई भी सपना अधूरा नहीं रहता। म.प्र. शासन के पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास, छिंदवाड़ा में रहकर पढ़ाई कर रहे पांच मेधावी छात्रों ने अग्निवीर सेना भर्ती परीक्षा में सफलता अर्जित कर जिले और विभाग को गौरवान्वित किया है।
इन छात्रों में अंकित वर्मा, राजेश यदुवंशी, मोहन यदुवंशी, अंकित यदुवंशी एवं अर्जुन यदुवंशी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बलबूते यह उपलब्धि हासिल की है। छात्रावास में रहकर उन्होंने न सिर्फ अपनी शैक्षणिक यात्रा को दिशा दी, बल्कि सेना जैसी प्रतिष्ठित सेवा में जाने का सपना भी साकार किया।
इनकी सफलता उस नीति की जीवंत मिसाल है, जिसके तहत शासन द्वारा आर्थिक रूप से पिछड़े विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे वे जिला मुख्यालय स्थित महाविद्यालयों में अध्ययन कर अपने भविष्य को मजबूत बना सकें। यही योजना इन छात्रों के लिए मील का पत्थर बनी।
इस उपलब्धि के लिए छात्रों ने अपने माता-पिता, गुरूजनों, परिजनों के आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन को श्रेय देते हुए कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह, सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग श्री संगीत देशमुख, छात्रावास अधीक्षक श्री तुलाराम चौरे सहित पूरी टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
इन छात्रों की सफलता न केवल उनके स्वयं के जीवन में एक नया अध्याय जोड़ेगी, बल्कि यह जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
*संवाददाता शुभम सहारे छिंदवाड़ा*


