सागर नरयावली से दुर्ग सिंह यादव की रिपोर्ट
सागर जिले के नरयावली विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ईशरवारा सर्वे स्टेशन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। हनौता सर्कल में बिजली के तार टूटकर दो दिन तक जमीन पर पड़े रहे, जिससे करंट लगने से तीन भैंसों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृत भैंसें किसान संतोष लोधी और खूबसिंह लोधी की थीं, जिनकी आजीविका का एकमात्र साधन इन भैंसों का दूध था। दोनों किसानों का कहना है कि इस दुर्घटना से उन्हें एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अब वे पूरी तरह से बेरोजगार हो चुके हैं और परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी करना मुश्किल हो रहा है।
स्थानीय निवासी राजू पटेल ने बताया कि बिजली का तार दो दिन से टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। इसके संबंध में कई बार शिकायत भी की गई, लेकिन बिजली विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। राजू के अनुसार, यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो आज यह हादसा नहीं होता।
किसानों ने विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग की लापरवाही की वजह से उनकी भैंसों की मौत हुई है। उन्होंने मांग की है कि उन्हें आर्थिक सहायता दी जाए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि शासन-प्रशासन इस मामले में क्या निर्णय लेता है और पीड़ित किसानों को कब तक न्याय मिलता है।


