रिपोर्टर सीमा कैथवास
नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी अमित दीवान आत्महत्या मामले में फरार इनामी सभी आठ आरोपियों में से एक आरोपी सौरभ शर्मा को देहात पुलिस ने करीब 15 दिन बाद रोचक तरीके से रात को घेराबंदी कर बैतूल फोरलेन हाईवे से पकड़ने की जानकारी सामने आई हैं। देहात पुलिस ने पकड़े गए आरोपी सौरभ शर्मा को मंगलवार दिन माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत के अभाव में जेल भेज दिया गया। वहीं आरोपी का पुलिस रिमांड नहीं लिए जाने पर देहात थाना प्रभारी प्रवीण चौहान ने बताया कि सभी मामलों में पीआर नहीं लिया जाता है। अवगत हो कि 02 फरवरी 2025 रविवार को एक ब्राह्मण युवक अमित दीवान ने बाबई रोड स्थित यशराज होटल में प्रताड़ना के कारण आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद से संपूर्ण ब्राह्मण समाज में भय और आक्रोश व्याप्त हो गया। घटनास्थल से मिले तीन पेज के सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने शहर के आठ लोगों को मामले में आरोपी बनाया, सुसाइड नोट में आईपीएल क्रिकेट सट्टा, ऑनलाइन गेमिंग जैसी चीजों का उल्लेख भी है। जिसमें यह भी लेख है कि मैं जीना चाहता हूं, भोला भैया, दे चुका हूं पैसा, पर यह लोग मांग रहे हैं, सॉरी दीदी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों के बयान सहित सुसाइड नोट के आधार पर भाजपा नेता प्रकाश शिवहरे के पुत्र विक्की शिवहरे ,आकाश शिवहरे सहित ऋषि सराठे, भैय्यू सराठे, राकेश रघुवंशी, विवेक ठाकुर, नितिन मालवीय, सौरभ शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी बनाया। जिसके बाद से ही सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियो पर 10 – 10 हजार के इनाम की घोषणा करते हुए आरोपियों की संपत्ति कुर्की की कार्यवाही भी शुरू की है। पूरे मामले को लेकर सर्व विप्र महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश दुबे, संरक्षक आलोक शर्मा के नेतृत्व में ब्राह्मण समाज ने क्षेत्रीय विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा, आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला, एसपी डॉक्टर गुरकरन सिंह से मुलाकात कर आत्महत्या मामले में फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सहित उनकी संपत्ति की जांच सहित कठोर कार्रवाई के साथ ही शहर में चलने वाले जुआ, सट्टा, आईपीएल क्रिकेट सट्टा, अनाधिकृत ब्याज वसूली, ऑनलाइन गेमिंग जैसे अनाधिकृत कामों पर सख्त कार्यवाही की मांग की थी। ब्राह्मण समाज ने ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया कि ब्राह्मण युवक अमित दीवान ने सक्रिय संगठित आरोपियों से प्रताड़ित होकर 2 फरवरी को आत्महत्या कर ली, जिससे संपूर्ण ब्राह्मण समाज में भय और आक्रोश व्याप्त है। युवक की आत्महत्या के विवशतापूर्ण उठाए गए कदम की पृष्ठभूमि में नगर के सक्रिय संगठित अपराधियों का समूह है जिनकी कार गुजारियों से नगर के प्रबुद्धजन अनभिज्ञ नहीं है। आरोप लगाया कि जिनका मुख्य कार्य आईपीएल सट्टा,अनाधिकृत ब्याज वसूली हैं, जिनके जाल में युवक फंसकर कर मिल रही धमकियों के परिणाम स्वरुप विवश और भयभीत होकर आत्महत्या जैसा जघन्य कार्य को मजबूर हुआ। दूसरी तरफ 15 दिन बाद मंगलवार को फरार आरोपियों में से एक आरोपी सौरभ शर्मा की गिरफ्तारी फोरलेन से होने के बाद यह भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या फरार आरोपी शहर और आसपास ही है? जबकि सूत्र बताते हैं कि पुलिस टीम दिल्ली, ग्वालियर, मथुरा, झांसी, भोपाल इंदौर इत्यादि शहरों में फरार आरोपियों को ढूंढने प्रयास कर रही है। दूसरी तरफ सर्व विप्र महासभा द्वारा रविवार को धर्मगुरु आचार्य डॉ गोपाल प्रसाद खड्डर की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया था कि रविवार को 14 दिन बीत जाने के बाद भी फरार आरोपी नहीं पकड़े गए हैं तो करनी सेना के साथ अब सर्व विप्र समाज मुख्यमंत्री से मिलेगा और धरना प्रदर्शन करेगा।


