MPNEWSCAST
कटनी।शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान अन्तर्गत प्रत्येक पात्र हितग्राही को जन कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने निगमायुक्त नीलेश दुबे के निर्देशन में जारी आदेशानुसार निर्धारित तिथियों में कटनी नगर निगम सीमांतर्गत सभी वार्डों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।जिसमें सभी विभागों की हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी से नागरिकों को अवगत कराया जा रहा है साथ ही पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 16 जनवरी को बाबा नारायण शाह वार्ड एवं हेमू कालाणी वार्ड का मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर माधव नगर उप कार्यालय में आयोजित किया गया।जिसमें नागरिकों से आवेदन प्राप्त किये जाकर उन पर त्वरित कार्यवाही की गई।इस दौरान स्थानीय पार्षद श्याम पंजवानी , सेक्टर अधिकारी अनिल जायसवाल शिविर स्थल में मौजूद रहे।
आवेदनों को लंबित न रखें,त्वरित कार्यवाही कर पात्रों को करें लाभान्वित- आयुक्त
निगमायुक्त नीलेश दुबे ने शिविर स्थल का निरीक्षण कर आयोजित शिविरों की सफलता व सुचारू संचालन हेतु सेक्टर अधिकारी, सर्वे दल प्रभारी को शिविर में प्राप्त आवेदन को लंबित न रखते हुए उन पर त्वरित कार्यवाही किए जाने हेतु कहा साथ ही नागरिकों को सभी शासकीय महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देकर ऐसे पात्र वंचित नागरिक जिन्हें अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया,चिह्नांकित कर उनसे आवेदन प्राप्त करते हुए उन्हें लाभ दिये जाने हेतु निर्देशित किया।
17 जनवरी शुक्रवार को यहाँ आयोजित होगा शिविर
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत् दिनांक 17 जनवरी शुक्रवार को आचार्य कृपलानी वार्ड का शिविर कैरिन लाइन स्कूल में प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक लगाया जाकर पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।


